नगरपालिका आम चुनाव के तहत जिले में सोमवार को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान जारी रहा। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने मध्य विद्यालय धनूषपूजा स्थित मतदान केंद्र पर पहुँचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने बताया कि सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई है और दोपहर 1 बजे तक 42 प्रतिशत से अधिक मतदाता अपने वोट डाल चुके हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संकेत बताया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने आम मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि जो लोग अब तक मतदान नहीं कर पाए हैं, वे अपने-अपने बूथ पर पहुँचकर लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि आपका एक वोट अगले पांच वर्षों के लिए नगर परिषद और वार्ड के विकास की दिशा तय करता है। प्रशासन की ओर से मतदान को सुगम बनाने के लिए सभी केंद्रों पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की सुविधा, आवागमन के लिए टोटो सेवा और मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए थीम आधारित बूथ बनाए गए हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अंत में दोहराया कि मतदान सिर्फ अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है, और हर मतदाता को इसका प्रयोग अवश्य करना चाहिए।









