गांव-गांव जाकर संगठन मजबूत करने का लिया संकल्प, कार्यकर्ताओं से सक्रिय होने का आह्वान
पाकुड़ जिले के इशाकपुर में गुरुवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के तत्वावधान में सदस्यता अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में आसपास के कई पंचायतों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
बैठक के दौरान दर्जनों लोगों ने रसीद कटवाकर पार्टी की औपचारिक सदस्यता ग्रहण की और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने कहा कि आने वाले दिनों में गांव-गांव और पंचायत-पंचायत जाकर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ा जाएगा। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि एआइएमआइएम संविधान, सामाजिक न्याय और वंचित समाज की आवाज़ को बुलंद करने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि पार्टी की विचारधारा और नीतियों को क्षेत्र के हर गांव और घर तक पहुंचाने के लिए सक्रिय होकर काम करें।








