23 फरवरी को एसी चिन्ह पर वोट की अपील, भाजपा नेताओं ने जीत का किया दावा
मेदिनीनगर / पलामू | संजय कुमार
पलामू नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी अरुणा शंकर ने अपने जनसंपर्क अभियान को धार देते हुए नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में घर-घर संपर्क शुरू कर दिया है। वे समर्थकों के साथ गली-मोहल्लों में पहुंचकर मतदाताओं से मुलाकात कर रही हैं और 23 फरवरी को क्रम संख्या एक, एसी (AC) चुनाव चिन्ह पर मतदान करने की अपील कर रही हैं।
जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्हें आम लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। अरुणा शंकर अपने पिछले कार्यकाल में कराए गए विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों को जनता के सामने रख रही हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के समग्र विकास, साफ-सफाई, सड़क निर्माण और शहरी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा, “मेरे बीते कार्यकाल को जनता देख चुकी है। विकास, सुशासन और शांति के लिए मैंने लगातार काम किया है। यदि पुनः अवसर मिला तो शहर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करूंगी।”
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी भी उनके साथ अभियान में शामिल रहे। उन्होंने कहा कि अरुणा शंकर ने शहर के विकास को नई दिशा दी है। उन्होंने मतदाताओं से एसी चुनाव चिन्ह पर मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की अपील की।
वहीं भाजपा नेत्री एवं पूर्व जिला पार्षद लवली गुप्ता ने भी प्रचार अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क के दौरान जनता का रुझान स्पष्ट रूप से अरुणा शंकर के पक्ष में दिखाई दे रहा है और इस बार जीत का अंतर ऐतिहासिक होगा।
नगर निगम क्षेत्र में चुनावी माहौल पूरी तरह गरम हो चुका है और सभी की नजरें अब 23 फरवरी को होने वाले मतदान पर टिकी हैं।







