सतनाम सिंह
पाकुड़। फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को वीआईपी रोड से जागरूकता रथ को रवाना किया गया। उपायुक्त मनीष कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह और जिला भीवीडी पदाधिकारी डॉ. के. के. सिंह ने संयुक्त रूप से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न पंचायतों और गांवों में जाकर लोगों को फाइलेरिया रोग से बचाव के प्रति जागरूक करेगा। उपायुक्त ने कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी है, जिसे रोकने के लिए सभी को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन करना जरूरी है। जिले में 10 फरवरी से 25 फरवरी तक फाइलेरिया उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों और शिविरों में लोगों को दवा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि इस अभियान में प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों को दवा खिलाएंगे। जागरूकता रथ के माध्यम से फाइलेरिया के लक्षण, बचाव के उपाय और दवा सेवन की जानकारी दी जाएगी। उपायुक्त ने अपील की कि सभी नागरिक फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन करें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक वर्ष से कम आयु के शिशु, गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति और गर्भवती महिलाओं को यह दवा नहीं खिलाई जाएगी। इस अवसर पर विशेष कार्य पदाधिकारी ने कहा कि फाइलेरिया को जड़ से समाप्त करने के लिए जागरूकता जरूरी है। जागरूकता रथ के माध्यम से गांव-गांव में इस बीमारी के प्रति लोगों को जानकारी दी जाएगी, जिससे अधिक से अधिक लोग इस अभियान का लाभ ले सकें।





