अब्दुल अंसारी
प्रखंड अंतर्गत विभिन्न स्कूलों और गांव में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़िया की ओर से शुक्रवार को राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया गया। इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ भरत भूषण भगत ने बताया कि डेंगू से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से यह दिवस मनाया जाता है। डॉ भगत ने बताया कि डेंगू संक्रमित मादा एडिस मच्छर के काटने से फैलता है, जिससे तेज बुखार, सिरदर्द, उल्टी, चक्कर आना, आंखों के पीछे दर्द और जोड़ों में दर्द जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। समय पर इलाज न होने से रोगी की मौत भी हो सकती है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विभिन्न स्कूलों और गांव में जाकर लोगों को डेंगू के बारे में जागरूक किया और बचाव के तरीके बताए। इस दौरान स्कूली बच्चों ने रैली निकालकर डेंगू के प्रति लोगों को जागरूक किया। रैली में ‘दूर होगी डेंगू की बीमारी जब होगी हम सब की भागीदारी’ जैसे नारे लगाए गए। कार्यक्रम में डॉ मंजर आलम, डॉ गंगा शंकर साह, केटीएस संजय मुर्मू, बीपीएम प्रभात दास, एएनएम मंजुलता हेम्ब्रम और अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।





