जेल में पति, घर में संकट; समाजसेवी ने संभाली जिम्मेदारी
पाकुड़: पाकुड़ सदर प्रखंड के नवादा पंचायत की दो सगी बहनों का संघर्ष पिछले आठ महीनों से जारी है। घरेलू विवाद के मामले में उनके पति जेल में हैं, जिसके बाद से पूरे परिवार की जिम्मेदारी इन महिलाओं पर आ गई है।एक बहन के नौ छोटे-छोटे बच्चे हैं,जबकि दूसरी के चार मासूम बच्चे हैं। घर में कमाने वाला कोई नहीं होने से परिवार को रोजमर्रा के खर्च, बच्चों के दूध-दवा और भोजन की व्यवस्था में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।इसी बीच पूर्व एनडीए प्रत्याशी सह समाजसेवी अजहर इस्लाम ने मानवीय पहल करते हुए दोनों परिवारों की सहायता की। बताया जाता है कि करीब आठ महीने पहले दोनों बहनें सहायता की गुहार लेकर उनके पास पहुंची थीं। उस समय उन्होंने आश्वासन दिया था कि जब तक उनके पति को जमानत नहीं मिल जाती, तब तक वे अपने स्तर से सहयोग करते रहेंगे।रमज़ान के पवित्र महीने को देखते हुए अजहर इस्लाम स्वयं उनके घर पहुंचे और एक माह का राशन उपलब्ध कराया। साथ ही आर्थिक सहयोग भी दिया, ताकि ईद के अवसर पर बच्चे नए कपड़े खरीद सकें और खुशी से त्योहार मना सकें।इस मौके पर उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल राजनीति नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ा रहना है। मासूम बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही उनकी सबसे बड़ी संतुष्टि है।स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की है और इसे सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण बताया है।








