रिपोर्टर नागेन्द्र चौरसिया
चैनपुर: पलामू जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत कोशियारा पश्चिम टोला में जमीन विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडे और पत्थरों की बारिश शुरू हो गई।
बुजुर्ग महिला समेत कई लोग घायल
हिंसक झड़प में उर्मिला देवी (60), पंकज चौरसिया (35), लव चौरसिया (27), धर्मेन्द्र चौरसिया (26) और अमरेन्द्र चौरसिया घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष से दुखहरण महतो, कोरिला देवी (60), जयराम महतो और उमेश चौरसिया को भी गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात काबू में किए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है।
पथरा में भू-माफिया का साया?
ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि पथरा क्षेत्र में खाली पड़ी जमीनों पर दबंगों द्वारा नाम चढ़ाने और गुप्त तरीके से लिखापढ़ी करने का खेल लंबे समय से चल रहा है।
गांव में पहले भी इस तरह की गतिविधियों को लेकर कानाफूसी होती रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रभावशाली लोगों का नाम सामने आने के डर से कई लोग खुलकर बोलने से बचते हैं।
सवालों के घेरे में जमीन का खेल
तीसरी बार चुनाव जीतने के बाद क्षेत्र में कथित तौर पर भू-माफियाओं के हौसले बुलंद होने की चर्चा भी गांव में जोर पकड़ रही है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन ताजा हिंसक घटना ने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।





