पाकुड़ — होली पर्व को लेकर आमजनों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन जांच अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने शहरकोल हटिया, सोनाजोड़ी, कोयलामोड़ सहित आसपास के क्षेत्रों में स्थित लगभग 30 खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान मिलावट और अमानक सामग्री पाए जाने पर करीब 3 किलोग्राम बूंदिया और 3 किलोग्राम छोला मौके पर ही नष्ट कराया गया। इस कार्रवाई में कुल 4100 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। साथ ही लड्डू, गुझिया, लच्छा, हल्दी पाउडर सहित छह खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए संग्रहित किए गए, ताकि पर्व के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके। कोयलामोड़ स्थित अजीत स्वीट्स और गोपी मंडल स्वीट्स में मोतीचूर लड्डू, रिफाइंड तेल समेत अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। हानिकारक रंग पाए जाने पर बूंदिया नष्ट कराई गई और दोनों दुकानों पर जुर्माना लगाते हुए सुधारात्मक नोटिस जारी किया गया। सोनाजोड़ी क्षेत्र में भी कई दुकानों से नमूने लिए गए तथा प्रतिबंधित रंग के पैकेट नष्ट कराए गए। डीसी मोड़ स्थित प्रेम ढाबा में साफ-सफाई की कमी पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई की गई, जबकि कुछ प्रतिष्ठानों की स्वच्छता संतोषजनक पाई गई। हटिया शहरकोल क्षेत्र में छोले में हानिकारक रंग मिलने पर खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। इसके अतिरिक्त कोटपा अधिनियम, 2003 के तहत भी कई दुकानों पर कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिन प्रतिष्ठानों में कमियां पाई गई हैं, उन्हें खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सुधारात्मक नोटिस जारी किया गया है। भविष्य में मानकों का पालन नहीं करने पर संबंधित दुकानों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Related Posts

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर सम्पूर्णता अभियान–2.0 के तहत भव्य मॉडल डेमॉन्स्ट्रेशन, विकास का दिया गया संदेश।




