पाकुड़: शहरी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय बाइक चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने छापेमारी कर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है।अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दयानंद आजाद के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान चोरी की छह मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश कुमार सिंह, अरविंद केसरी, लालटू शेख, लालचंद शेख के रूप में हुई है। सभी आरोपी मुफस्सिल थाना एवं नगर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
गिरोह के उद्भेदन की जानकारी एसडीपीओ दयानंद आजाद ने पत्रकार सम्मेलन के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि 7 फरवरी को बैंक कॉलोनी से एक बाइक चोरी की सूचना मिली थी। इसी मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर SIT का गठन किया गया।टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर पांच आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई छह बाइक बरामद की गईं। सभी वयस्क आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि एक नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है।एसडीपीओ ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों के नामों का खुलासा किया है। उनकी गिरफ्तारी को लेकर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस कार्रवाई में नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार, सन्नी सुप्रभात, मिथुन रजक, सहायक अवर निरीक्षक बिपिन कुमार यादव, सूरज मुर्मू सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।







