पाकुड़, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर गुरुवार को जिले में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें याद किया। भाजपा की ओर से जिला अध्यक्ष अमृत पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक पर बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को आजादी दिलाई और शास्त्री जी की सादगी और ईमानदारी आज भी प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता बापू के स्वच्छता, खादी और आत्मनिर्भरता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कांग्रेस की ओर से जिला अध्यक्ष कुमार सरकार एवं प्रदेश सचिव सेमिनुल इस्लाम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक पर गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया। इसके बाद कांग्रेस कार्यालय में लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती मनाई गई। नेताओं ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
झामुमो की ओर से जिला उपाध्यक्ष पीटर मरांडी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। पीटर मरांडी ने कहा कि महात्मा गांधी सत्य, अहिंसा और समानता के प्रतीक थे और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है। इस अवसर पर भाजपा, कांग्रेस और झामुमो के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे और सभी ने गांधी व शास्त्री जी के आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया।


