भाजपा नेत्री पिंकी मंडल ने सौंपा विस्तृत ज्ञापन, रेलवे स्टॉपेज से लेकर कानून व्यवस्था तक कई मुद्दे रखे।
पाकुड़ :- देवघर में शनिवार को नए जिला भाजपा कार्यालय के उद्घाटन एवं कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने अपने संबोधन में पाकुड़ जिले की ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकुड़ में अवैध कारोबार तेज़ी से फल-फूल रहा है तथा घुसपैठियों का दबदबा बढ़ता जा रहा है। उन्होंने गोपीनाथपुर में हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यहां खेतों में बम रखे जाते हैं और यह गंभीर सुरक्षा चुनौती है। सम्मेलन में पाकुड़ से शामिल कई पदाधिकारियों में जिला परिषद सदस्य सह भाजपा नेत्री पिंकी मंडल भी मौजूद थीं, जिन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर रेलवे में ट्रेन स्टॉपेज, नई ट्रेन की मांग, गंगाजल आपूर्ति योजना में तेजी, अवैध कारोबार पर अंकुश और कानून व्यवस्था को मजबूत करने जैसी कई आवश्यक मांगों को रखा। नड्डा ने मंच से पिंकी मंडल के नाम का उल्लेख करते हुए गोपीनाथपुर प्रकरण को दोबारा उठाया। कार्यक्रम में गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे, प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा सहित कई शीर्ष नेता उपस्थित रहे।

रामभक्त सेवा दल ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष से गौ माता को ‘राष्ट्रीय माता’ घोषित करने की मांग की
देवघर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के आगमन के दौरान रामभक्त सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार सिंह ने नड्डा, केंद्रीय बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे को पत्र सौंपते हुए गौ माता को ‘राष्ट्रीय माता’ का दर्जा देने की मांग की। इस मौके पर संगठन के देवघर जिला अध्यक्ष अरूप चक्रवर्ती, राष्ट्रीय अध्यक्षा (मातृशक्ति) रंजु झा, प्रियांशु चक्रवर्ती, दीपु राज, प्रदीप चौधरी समेत दर्जनों सदस्य मौजूद रहे। संगठन ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति का मूल आधार हैं, इसलिए उन्हें राष्ट्रीय सम्मान मिलना चाहिए।









