पाकुड़। युवाओं के प्रेरणास्रोत और विश्व पटल पर भारतीय संस्कृति का परचम लहराने वाले महान चिंतक स्वामी विवेकानंद की जयंती पर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
मौके पर जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने कहा कि स्वामी विवेकानंद केवल आध्यात्मिक गुरु ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और मानव कल्याण के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने गरीबों और वंचितों के उत्थान के लिए जीवन भर कार्य किया। रामकृष्ण मिशन की स्थापना कर शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में एक मजबूत आधार तैयार किया, जो आज भी मानवता की सेवा कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” का उनका संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना उनके समय में था। उनका प्रेम, करुणा और सार्वभौमिक स्वीकार्यता का संदेश समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में निवर्तमान जिलाध्यक्ष अमृत पाण्डेय, जिला महामंत्री रूपेश कुमार भगत, प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनुग्रहित प्रसाद साह, महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष सम्पा साह, जिला उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र त्रिवेदी, नगर अध्यक्ष सोहन मंडल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शबरी पाल, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपक साहा सहित सपन कुमार दुबे, हिसाबी राय, सुशील साह, बलराम दुबे, पवन भगत, बासु मंडल, राणा शुक्ला, पार्वती देवी, मनोरमा देवी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।







