किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में अहम बजट, सरिता मुर्मू
सरकार ने बजट बनाते समय हर वर्ग का ध्यान रखा, अनुग्रहित
पाकुड़: केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय बजट 2026-27 पेश किए जाने के बाद पाकुड़ के अपर्णा मार्केट कॉम्प्लेक्स में भारतीय जनता पार्टी की ओर से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू ने केंद्रीय बजट को विकासोन्मुखी, संतुलित और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया बजट बताया।सरिता मुर्मू ने कहा कि आमतौर पर बजट को लेकर लोगों की अलग-अलग धारणाएं होती हैं, लेकिन केंद्रीय बजट 2026-27 पूरी तरह विकास को समर्पित है। उन्होंने देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की सराहना करते हुए कहा कि जिस प्रकार एक महिला परिवार की जिम्मेदारी कुशलता से निभाती है, उसी तरह वित्त मंत्री ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाला बजट पेश किया है।उन्होंने बताया कि बजट में बुनियादी ढांचे के विकास, रोजगार सृजन, मेडिकल हेल्थ केयर और मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके साथ ही बालिकाओं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।सरिता मुर्मू ने कहा कि गर्ल्स सिक्योरिटी के तहत किए गए प्रावधानों का लाभ राज्यों को मिलेगा और राजस्थान के 41 जिलों में गर्ल्स हॉस्टल खोले जाएंगे। इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों को ध्यान में रखते हुए बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिससे आने वाले समय में युवाओं के लिए नए अवसर सृजित होंगे।प्रेस वार्ता में उपस्थित भाजपा प्रदेश मंत्री अनुग्रहित प्रसाद शाह ने कहा कि केंद्रीय बजट से राजस्थान में बुनियादी ढांचे, टेक्सटाइल, पर्यटन सहित अन्य क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलेगी।उन्होंने बजट को देश की अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार देने वाला बताते हुए कहा कि इसमें क्षमता निर्माण और जन आकांक्षाओं को पूरा करने का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने बजट बनाते समय स्वास्थ्य, युवा, महिला, व्यापारी और किसानों सहित हर वर्ग का ध्यान रखा है। रोजगार बढ़ाने के उद्देश्य से बजट को विशेष रूप से तैयार किया गया है। इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष विवेकानंद तिवारी ने कहा कि ₹53 लाख करोड़ के कुल केंद्रीय बजट में से ₹15 लाख करोड़ से अधिक राशि प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से ग्रामीण विकास, कृषि, किसान, मजदूर और ग्रामीण महिलाओं के कल्याण पर खर्च की जा रही है, जो अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि है।भाजपा नेताओं ने एक स्वर में कहा कि यह बजट विकसित भारत 2024 की संकल्पना को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।





