Search

December 21, 2025 11:11 pm

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन, भाजपा ने कहा जनविरोधी और दमनकारी हो चुकी है हेमंत सरकार।

लाठी गोलों से नहीं दबेगी जनता की आवाज, जिला अध्यक्ष अमृत पाण्डेय।

भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार देर शाम पाकुड़ के बिरसा चौक पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष अमृत पाण्डेय ने किया। जिला अध्यक्ष पाण्डेय ने कहा कि 27 अक्टूबर को चाईबासा के तांबो चौक के पास शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे आम नागरिकों पर प्रशासन ने लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े, जो पूरी तरह से दमनकारी और लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इशारे पर की गई, जिससे यह साफ हो गया है कि मौजूदा सरकार जनता की आवाज को दबाने में विश्वास रखती है। अमृत पाण्डेय ने कहा, विगत छह वर्षों से हेमंत सोरेन की सरकार पूरी तरह जनविरोधी, आदिवासी-मूलवासी विरोधी और अराजक बन चुकी है। जनता को अपने हक के लिए आवाज उठाने का भी हक नहीं रह गया है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों पर लाठी और गोली से जवाब देना लोकतंत्र पर कुठाराघात है। उन्होंने आगे कहा कि चाईबासा के तांबो चौक पर जिस सड़क की सुरक्षा को लेकर जनता आंदोलन कर रही थी, वह राष्ट्रीय राजमार्ग-220 आज मौत का बाईपास बन चुका है। पिछले आठ महीनों में 154 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि बीते 10 दिनों में चार लोगों की जान जा चुकी है। बावजूद इसके, सरकार और परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ मौन हैं। अमृत पाण्डेय ने कहा कि सरकार वोट लेने के लिए जात-पात की राजनीति करती है, लेकिन जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं। पहले भारी वाहनों का परिचालन रोका गया था, लेकिन अब मुख्यमंत्री के इशारे पर फिर से चालू कर दिया गया है, जिससे आम लोग लगातार हादसों का शिकार हो रहे हैं। जनता अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्वक आंदोलन कर रही थी, लेकिन प्रशासन ने बर्बर लाठीचार्ज कर कई लोगों को घायल कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे जनविरोधी रवैये के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, जिला महामंत्री रूपेश भगत, पूर्व जिलाध्यक्ष विवेकानंद तिवारी, वरिष्ठ नेता विश्वनाथ भगत, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपक साह, वरिष्ठ नेता अजीत रविदास, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिवेदी, पूर्व जिला मंत्री सपन दुबे, नगर अध्यक्ष सोहन मंडल, हिसाबी राय, जीतू सिंह, पंकज साह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Also Read: E-paper 22-11-2025

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर