पाकुड़ | जिले को एनीमिया-मुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ बुधवार को एनीमिया जागरूकता रथ 2025 को रवाना किया गया। उपायुक्त मनीष कुमार और सिविल सर्जन डॉ. सुरेन्द्र कुमार मिश्रा ने पुराना सदर अस्पताल परिसर से रथ को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। यह अभियान 30 दिसंबर तक कैंपेन मोड में लगातार चलेगा। उपायुक्त ने कहा कि एनीमिया एक गंभीर लेकिन पूरी तरह रोकी जा सकने वाली बीमारी है। सही जानकारी, पोषक आहार, नियमित जांच और समय पर इलाज से इस पर काबू पाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जागरूकता रथ शहरी और ग्रामीण इलाकों में घूमकर महिलाओं, किशोरियों, गर्भवती महिलाओं और बच्चों को एनीमिया के लक्षण, कारण और बचाव की जानकारी देगा। रथ के जरिए स्वास्थ्य संदेशों का प्रचार, सूचना सामग्री का वितरण और जरूरी परामर्श भी दिया जाएगा। रथ पर लिखा संदेश— “हमने यह ठाना है, एनीमिया मुक्त पाकुड़ बनाना है”— लोगों को स्वस्थ जीवनशैली और संतुलित पोषण अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए स्वस्थ, सशक्त और एनीमिया-मुक्त पाकुड़ बनाने का आह्वान किया है।





