ग्रामीणों को मिले कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी
पाकुड़ प्रखंड के पोचाथोल पंचायत भवन में शुक्रवार को झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ द्वारा चलंत लोक अदालत सह विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश–सह–अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ शेष नाथ सिंह के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के डिप्टी चीफ संजीव कुमार मंडल एवं मीडिएटर अधिवक्ता समीर कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से ग्रामीणों को महत्वपूर्ण कानूनी जानकारी दी। कार्यक्रम में निःशुल्क कानूनी सहायता, वैवाहिक एवं पारिवारिक विवादों के समाधान, सुलह–समझौते की प्रक्रिया, मध्यस्थता से वाद निपटान समेत कई प्रमुख विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि प्राधिकार द्वारा योग्य व्यक्तियों को निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने की सुविधा भी दी जाती है। कानूनी एक्ट, अधिकारों एवं प्रक्रियाओं पर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। ग्रामीणों के बीच कानूनी अधिकारों से संबंधित जागरूकता पुस्तिका व पर्ची का वितरण किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, पारा लीगल वॉलिंटियर्स याकूब अली, सायेम अली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।












