राजधानी रांची समेत झारखंड के प्रमुख शहरों की यातायात व्यवस्था को सुगम और आधुनिक बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने तीन महत्त्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति दी है। इन परियोजनाओं की प्रस्तुति पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार द्वारा दी गई, जिसे मुख्यमंत्री ने अनुमोदित करते हुए निर्देश दिया कि डीपीआर तैयार कर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए। मंजूर की गई परियोजनाओं में अरगोड़ा चौक से चापू टोली तक एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण शामिल है, जिसकी लंबाई 1.75 किलोमीटर होगी। फ्लाईओवर के नीचे की सड़क का सौंदर्यीकरण किया जाएगा, साथ ही ड्रेनेज, यूटिलिटी डक्ट, प्रकाश व्यवस्था और नॉइज़ बैरियर की भी व्यवस्था होगी। दूसरी परियोजना के तहत करमटोली चौक से साइंस सिटी तक 2.2 किमी लंबा फ्लाईओवर और साइंस सिटी से रिंग रोड तक 5 किमी फोर लेन सड़क का निर्माण होगा, जिससे राजधानी के व्यस्त मार्गों पर ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। तीसरी परियोजना के तहत रांची रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट तक 4.7 किलोमीटर लंबी वैकल्पिक फोर लेन सड़क बनाई जाएगी, जिसमें 800 मीटर एलिवेटेड रोड, फुटपाथ, कवर्ड साइकिल ट्रैक, सोलर पैनल और ग्रीनफील्ड कॉरिडोर की आधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी। इससे एयरपोर्ट तक सुगम और तेज रफ्तार मार्ग उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री ने हरमू मुक्ति धाम से रेडिशन ब्लू तक तथा हिनू पुल से जगन्नाथपुर तक स्वर्णरेखा नदी पर फ्लाईओवर निर्माण जैसे प्रस्तावों पर भी विचार करने की बात कही है। साथ ही रांची की तर्ज पर जमशेदपुर, डालटनगंज जैसे अन्य शहरों में भी यातायात सुधार की योजना बनाने का निर्देश दिया है। जमशेदपुर में साकची सिटी फ्लाईओवर तथा डालटनगंज-गढ़वा के बीच वैकल्पिक एलिवेटेड कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। रामगढ़, बरकाकाना, डालटनगंज जैसे इलाकों में NHAI के ट्रांजिशन पॉइंट्स पर सुरक्षा व जंक्शन सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इन परियोजनाओं से राज्य में यातायात सुगम होने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार, निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने सभी कार्यों के समयबद्ध क्रियान्वयन और नियमित समीक्षा के निर्देश देते हुए इसे झारखंड के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
