राजकुमार भगत
पाकुड़। नगर परिषद द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से स्वच्छता, अतिक्रमण हटाओ और प्लास्टिक मुक्त अभियान को तेज कर दिया गया है। इस क्रम में कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी के नेतृत्व में नगर परिषद क्षेत्र के प्रमुख सड़कों, बाजारों, हटिया और अन्य स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान निर्माण एवं ध्वस्तीकरण अपशिष्ट (कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन वेस्ट) हटाने, अवैध अतिक्रमण समाप्त करने और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने पर विशेष जोर दिया गया। जांच में नियमों का उल्लंघन करने वाले 8 दुकानदारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और आवासीय नागरिकों से कुल 2000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। नगर परिषद ने संबंधित लोगों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे तत्काल निर्माण एवं ध्वस्तीकरण अपशिष्ट हटाएं, अतिक्रमण समाप्त करें और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करें। ऐसा नहीं करने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।।इस अवसर पर कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने नागरिकों से नगर परिषद के प्रयासों में सहयोग करने और स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। अभियान में नगर मिशन प्रबंधक मनीष कुमार मिश्रा, राजस्व निरीक्षक सौरव, चंदन, भानु बसंत, सफाई सुपरवाइजर विवेक सहित नगर परिषद के अन्य कर्मी उपस्थित थे।






