पाकुड़िया प्रखंड में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। रविवार सुबह प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी सोमनाथ बनर्जी और थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो क्षेत्र भ्रमण पर थे। इसी दौरान थाना क्षेत्र के रामघाटी गांव के समीप अवैध रूप से बालू लदा एक ट्रैक्टर पकड़ा गया।
सीओ सोमनाथ बनर्जी ने बताया कि वे बोंनोग्राम से पाकुड़िया की ओर जा रहे थे। इसी क्रम में रामघाटी के पास एक ट्रैक्टर में बालू लोड कर परिवहन करते हुए देखा गया। ट्रैक्टर चालक को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जांच के दौरान पाया गया कि सोनालिका ट्रैक्टर के इंजन पर कोई रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं है, जबकि उसकी ट्रॉली का रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच-16 सी-2171 है। ट्रैक्टर में लदा बालू अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। प्रशासन ने ट्रैक्टर को जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से पाकुड़िया थाना में रखा है। थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने बताया कि ट्रैक्टर चालक और मालिक के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध बालू,पत्थर परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




