प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 131वें एपिसोड के माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया। इस अवसर पर पाकुड़िया पंचायत के 282 नंबर बूथ पर कार्यक्रम का सामूहिक प्रसारण किया गया। किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष हृदयानंद भगत की उपस्थिति में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण एकत्रित हुए। सभी ने टेलीविजन स्क्रीन पर ‘मन की बात’ को ध्यानपूर्वक सुना और देखा। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि दिल्ली में आयोजित एआई समिट में दुनिया भर से आए विशेषज्ञों ने भारत की तकनीकी क्षमताओं को करीब से देखा। प्रधानमंत्री ने कहा कि विदेशी मेहमान यह देखकर विशेष रूप से प्रभावित हुए कि भारत किस तरह एआई की मदद से प्राचीन ग्रंथों और ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित कर रहा है। इस आयोजन के माध्यम से वैश्विक मंच पर एआई के क्षेत्र में भारत की सशक्त भूमिका सामने आई है। प्रधानमंत्री मोदी ने साइबर सुरक्षा का भी उल्लेख करते हुए डिजिटल अरेस्ट और डिजिटल फ्रॉड के प्रति सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के जरिए इन विषयों पर की गई चर्चा से समाज में जागरूकता बढ़ी है, जिसका सकारात्मक प्रभाव दिख रहा है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने देश में आयोजित विभिन्न बड़े आयोजनों का भी जिक्र किया और उनकी सफलता पर देशवासियों को बधाई दी। पाकुड़िया में आयोजित सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री के संदेश को उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।





