Search

April 13, 2026 4:56 am

गणपुरा पंचायत पहुंचे डीसी मनीष कुमार, ग्रामीणों से रूबरू—योजनाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य पर सीधी बात।

पाकुड़िया प्रखंड की गणपुरा पंचायत में गुरुवार को उपायुक्त मनीष कुमार ने पंचायत भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, जरूरतें और अपेक्षाएं सुनीं। पंचायत मुखिया सुशीला मरांडी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उपायुक्त का पारंपरिक नृत्य और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उपायुक्त ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बेरोजगार युवक-युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आरसेटी के माध्यम से रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इच्छुक लोग प्रशिक्षण लेकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। शिक्षा पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि पिछले वर्ष मैट्रिक परीक्षा में पाकुड़ जिला राज्य में दूसरे स्थान पर रहा, जो जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे आगामी परीक्षा तनावमुक्त होकर आत्मविश्वास के साथ दें। स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 30 जनवरी को कुष्ठ रोग उन्मूलन अभियान और 10 से 25 फरवरी तक फाइलेरिया उन्मूलन अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से दवा का नियमित सेवन करने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। बाल विकास परियोजना के तहत सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 5 वर्ष तक के बच्चों को स्कूल-पूर्व शिक्षा दी जा रही है। उपायुक्त ने बताया कि हर माह 22 तारीख को बाल भोज और 20 तारीख को विद्यालयों में बच्चों का जन्मोत्सव मनाया जाता है। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के परिसरों का सौंदर्यीकरण फेवर ब्लॉक से किया जाएगा। कृषि क्षेत्र पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिले के किसान बागवानी को अपनाकर अपनी आय बढ़ा रहे हैं। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशासन और ग्रामीणों के बीच समन्वय व पारदर्शिता के साथ विकास कार्य आगे बढ़ाने पर जोर दिया। इस मौके पर विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बनर्जी, पंचायत मुखिया सुशीला मरांडी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और स्थानीय अधिकारी मौजूद थे।

Also Read: E-paper 01-03-2026
img 20260129 wa00315729217568534430091
img 20260129 wa00301316302720798117741

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!