कबड्डी व वॉलीबॉल खिलाड़ियों को खेल सामग्री बांटकर उज्ज्वल भविष्य का दिया संदेश।
पाकुड़। जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की दिशा में बुधवार को जिला प्रशासन ने अहम पहल की। खेलकूद एवं युवकार्य निदेशालय, रांची के निर्देश पर संचालित डे-बोर्डिंग खेल योजना के तहत चयनित कबड्डी और वॉलीबॉल खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को खेल सामग्री दी गई। जिला समाहरणालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने खिलाड़ियों को सामग्री सौंपकर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान कबड्डी के 25 खिलाड़ियों को ट्रैक सूट, जूते, मोजा, गंजी, टोपी और बैग सहित जरूरी खेल सामग्री दी गई। वहीं वॉलीबॉल के 20 खिलाड़ियों को भी निर्धारित किट उपलब्ध कराई गई। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। खेल से न केवल शारीरिक और मानसिक विकास होता है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता भी विकसित होती है।
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने खिलाड़ियों को खेल के साथ पढ़ाई और जीवन मूल्यों पर भी ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देता है और बेहतर भविष्य का रास्ता दिखाता है। जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि डे-बोर्डिंग योजना के तहत नियमित प्रशिक्षण, खेल सामग्री और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि जिले में खेल संस्कृति मजबूत हो सके। कार्यक्रम में जिला खेल समन्वयक विवेक कुमार, खेल प्रशिक्षक, खिलाड़ी और अन्य कर्मी मौजूद रहे।






