मतदाताओं की सुविधा और सुरक्षा पुख्ता करने के दिए निर्देश, निष्पक्ष मतदान पर जोर
पाकुड़ | नगर निकाय चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने सोमवार को जिले के संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने कालिकापुर, बल्लभपुर और गुलबहार पब्लिक स्कूल स्थित बूथों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, रोशनी, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि मतदाताओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी बूथ पर मूलभूत सुविधाओं की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान से पहले सभी कमियों को दूर कर लिया जाए। उपायुक्त ने बूथों के आसपास मौजूद लोगों से बातचीत कर क्षेत्र की स्थिति की जानकारी ली और मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन होगा और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से कराई जाएगी। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखें और किसी भी अवांछित गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करें। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, नगर परिषद प्रशासक समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने साफ किया कि नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण और भरोसेमंद माहौल में संपन्न कराना पहली प्राथमिकता है।







