बिरनी/गिरिडीह,
बिरनी प्रखंड क्षेत्र के दलांगी–लेवरा गांव में रामनवमी के अवसर पर निकलने वाले झंडा जुलूस के मार्ग को लेकर उत्पन्न विवाद को लेकर बुधवार को गिरिडीह के उपायुक्त (डीसी) एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने गांव पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों समुदायों के लोगों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली तथा आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की।
बताया जाता है कि दलांगी–लेवरा गांव में रामनवमी के झंडा जुलूस के पारंपरिक मार्ग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई है। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थल का निरीक्षण किया। डीसी और एसपी ने विवादित मार्ग का जायजा लिया तथा वहां मौजूद स्थानीय ग्रामीणों और
जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखना है। किसी भी प्रकार की अफवाह या उकसावे में आकर माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोनों समुदायों के लोगों से संयम बरतने तथा प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि इस मामले के समाधान के लिए दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों को 14 मार्च को गिरिडीह स्थित समाहरणालय कार्यालय बुलाया गया है, जहां प्रशासन की मौजूदगी में बैठकर वार्ता के माध्यम से समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सभी पक्षों की बात सुनकर आपसी सहमति और कानून के दायरे में रहकर उचित निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस और प्रखंड प्रशासन को क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहने का निर्देश भी दिया। साथ ही
संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और किसी भी तरह की अफवाह पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया।निरीक्षण के दौरान जिला और प्रखंड प्रशासन के कई अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। प्रशासन की इस पहल के बाद ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही आपसी बातचीत और समझदारी से इस विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकल सकेगा।







