Search

February 11, 2026 10:53 am

उपायुक्त मनीष कुमार बोले– नौकरी ढूंढने वाले नहीं, हुनर से कमाने वाले बनें युवा।

युवाओं को रोजगार की राह, एसबीआई आरसेटी में फ्रिज-एसी रिपेयरिंग ट्रेनिंग शुरू।

पाकुड़। जिले के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एक और पहल शुरू हो गई है। शनिवार को सदर प्रखंड के सोनाजोड़ी स्थित एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में फ्रिज एवं एयर कंडीशनर रिपेयरिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त मनीष कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर उपायुक्त ने कहा कि तकनीकी प्रशिक्षण आज के समय की बड़ी जरूरत है। फ्रिज और एसी जैसे उपकरण हर घर और प्रतिष्ठान में उपयोग हो रहे हैं, ऐसे में इनके मरम्मत कार्य से युवाओं को आसानी से रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण से युवा और महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं। उपायुक्त ने आरसेटी में संचालित फ्रिज-एसी रिपेयरिंग के साथ फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी एवं बागबानी सखी प्रशिक्षण का भी निरीक्षण किया। प्रशिक्षुओं से बातचीत कर उनके अनुभव जाने और प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए कौशल का व्यवहारिक उपयोग करें और अपने अनुभव समाज के अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं। उपायुक्त ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही सफलता की बड़ी राह बनाते हैं। प्रशिक्षण के दौरान किसी भी विषय में शंका हो तो प्रशिक्षकों से तुरंत मार्गदर्शन लें। वर्तमान समय में तकनीकी सेवाओं और शीतलन उपकरणों की मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण से मिलने वाले लाभों को साझा करते हुए भविष्य में अपना काम शुरू करने का संकल्प लिया। आरसेटी के वरिष्ठ संकाय अमित कुमार बर्धन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी।
इस अवसर पर आरसेटी निदेशक राजेश कुमार मिश्रा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक जेएसएलपीएस प्रवीण मिश्रा, जिला प्रबंधक जेएसएलपीएस राजेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी व प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

img 20260207 wa00413931265363664842580
img 20260207 wa00398373019519198797853

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर