Search

March 10, 2026 2:50 am

कोविड में माता-पिता खो चुकी बच्ची को पीएम केयर्स योजना का सहारा, उपायुक्त ने की त्रैमासिक समीक्षा।

पाकुड़: कोविड महामारी में अपने माता-पिता को खो चुके बच्चों के बेहतर भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत पाकुड़ जिला प्रशासन लगातार लाभार्थियों की निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में उपायुक्त मनीष कुमार ने समाहरणालय में योजना की लाभार्थी आसिफा परवीन के साथ त्रैमासिक समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उपायुक्त ने लाभार्थी से उसके स्वास्थ्य, शिक्षा, चिकित्सा सुविधा, देखभाल और अन्य आवश्यक जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर जिला प्रशासन हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगा। जानकारी के अनुसार आसिफा परवीन के पिता का निधन वर्ष 2015 में हो गया था, जबकि वर्ष 2022 में कोविड संक्रमण के कारण उनकी माता की मृत्यु हो गई। ऐसी स्थिति में केंद्र सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा कोविड के कारण अनाथ हुए बच्चों को पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना से जोड़कर आर्थिक एवं सामाजिक सहायता प्रदान की जाती है। इसी योजना के तहत आसिफा परवीन को भी लाभान्वित किया गया है। योजना के अंतर्गत निर्धारित राशि लाभार्थी के बैंक अथवा डाकघर खाते में जमा की जाती है, जिससे उसके स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और अन्य आवश्यक जरूरतों की पूर्ति सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग कांति रश्मि, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी ब्यास ठाकुर तथा संरक्षण पदाधिकारी (गैर-संस्थागत देखभाल) राजेश कुमार मंडल उपस्थित थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर