पाकुड़: नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 में विकास कार्यों को लेकर अब तेजी दिखाई देने लगी है। वार्ड की पार्षद निभा देवी क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने के लिए सक्रिय हो गई हैं और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार पहल कर रही हैं। पार्षद की पहल पर वार्ड में साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है। नियमित कचरा उठाव और नालियों की सफाई सुनिश्चित कराई जा रही है। वहीं लंबे समय से खराब पड़े बिजली के पोलों पर लगी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर उन्हें चालू कराया जा रहा है, ताकि शाम होते ही अंधेरे में डूब जाने वाली सड़कों और गलियों में रोशनी की समुचित व्यवस्था हो सके। इसके साथ ही वार्ड में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए खराब पड़े बोरिंग और चापाकलों की मरम्मत का कार्य भी शुरू कर दिया गया है, जिससे आम लोगों को होने वाली पानी की समस्या से राहत मिल सके। पार्षद निभा देवी ने बताया कि पिछले कई वर्षों से वार्ड में कई आवश्यक विकास कार्य विभिन्न कारणों से सही ढंग से नहीं हो पा रहे थे। इसके चलते वार्डवासियों को साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन अब स्थिति को सुधारने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के संबंधित विभागों के सहयोग से नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और नई लाइट लगाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। पार्षद ने कहा कि जिस विश्वास के साथ वार्ड की जनता ने उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है। वार्ड में साफ-सफाई व्यवस्था मजबूत करना, कैलाशनगर क्षेत्र को सुविधायुक्त बनाना, सड़कों पर रोशनी की व्यवस्था करना और जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण कराना उनका मुख्य लक्ष्य है। इधर वार्ड में विकास कार्यों की शुरुआत होते ही स्थानीय लोगों में भी खुशी का माहौल देखा जा रहा है। वार्डवासियों का कहना है कि लंबे समय के बाद साफ-सफाई और रोशनी व्यवस्था को लेकर ठोस पहल होती नजर आ रही है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि पार्षद की सक्रियता से आने वाले दिनों में वार्ड नंबर 11 में और भी विकास कार्य तेजी से होंगे तथा बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा।







