Search

April 3, 2026 11:30 pm

देवतल्ला प्राथमिक विद्यालय में प्रबंधन समिति का चुनाव, जयदुल शेख बने अध्यक्ष

पाकुड़। सदर प्रखंड की झिकरहाटी पश्चिमी पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय देवतल्ला में विद्यालय प्रबंधन समिति (वीएमसी) के अध्यक्ष पद का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव में गांव के अभिभावकों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
चुनाव प्रक्रिया स्थानीय मुखिया आबू ताहिर की उपस्थिति में आयोजित हुई। बीआरसी कार्यालय के उमा कुमार साहा और विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुशर्रफ हुसैन ने चुनाव शुरू होने से पहले उपस्थित ग्रामीणों और प्रत्याशियों को नियमावली की जानकारी दी। इसके बाद मतदान कराया गया, जिसमें विद्यालय में नामांकित बच्चों के अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशी मैदान में थे। कुल पड़े 289 मतों में से जयदुल शेख (पिता—सुर मोहम्मद शेख) को 170 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 103 मत प्राप्त हुए। स्पष्ट बहुमत के साथ जयदुल शेख ने जीत दर्ज की। विजय की घोषणा होते ही ग्रामीणों और शिक्षकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई दी। इस अवसर पर जयदुल शेख ने कहा कि उनकी प्राथमिकता विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार करना होगी। उन्होंने बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों को प्रेरित करने और आवश्यकता पड़ने पर घर-घर संपर्क करने की बात कही। उन्होंने यह भी बताया कि मिड-डे मील योजना को सरकारी मानकों के अनुरूप प्रभावी ढंग से लागू कराया जाएगा, ताकि बच्चों को प्रतिदिन स्वच्छ और पौष्टिक भोजन मिल सके। जयदुल शेख ने भरोसा दिलाया कि विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए वे शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों के साथ मिलकर काम करेंगे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!