Search

April 12, 2026 12:39 pm

स्कूल जा रही मासूम के सामने पिता की मौत, क्रशर प्लांट से निकली हाईवा बनी काल, 8 साल की बच्ची लड़ रही जिंदगी से जंग।

पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया। खनन क्षेत्र में स्थित क्रशर प्लांट से निकल रही तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार पिता और उसकी मासूम बेटी को कुचल दिया। हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार, शहरपुर निवासी सिदो किस्कू अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान शहरपुर मौजा स्थित लोकनाथ भगत क्रशर प्लांट से तेज गति में निकल रही हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सिदो किस्कू ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने दोषी चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि खनन क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार आए दिन हादसों को न्योता दे रही है, लेकिन सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल बच्ची को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने बताया कि परिजनों की लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है। इस हादसे ने एक बार फिर खनन क्षेत्रों में बेलगाम वाहनों की रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!