Search

March 26, 2026 12:02 am

दहेज प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने दी जान, पति गिरफ्तार।

अमड़ापाड़ा/पाकुड़ : दहेज प्रताड़ना से जुड़े एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह मामला कांड संख्या 11/26 के तहत दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार, अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के गौरपाड़ा गांव निवासी 19 वर्षीय जामा पहाड़िन ने ससुराल में लगातार हो रहे विवाद और दहेज की मांग से परेशान होकर कुछ दिन पहले जहर खा लिया था। परिजनों द्वारा उसे गंभीर अवस्था में दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतका के पिता जबरा पहाड़िया ने अपने दामाद महादेव तुरी के खिलाफ अमड़ापाड़ा थाना में मामला दर्ज कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के दो वर्ष बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे तंग आकर उसने आत्मघाती कदम उठाया।
थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अनूप रौशन भेंगरा ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर एसआई पप्पू कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। पाकुड़ टाउन थाना पुलिस के सहयोग से आरोपी को मोगलापाड़ा स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर