Search

March 28, 2026 9:51 pm

ताड़ के पेड़ को लेकर विवाद में महिला की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार।

हिरणपुर (पाकुड़): ताड़ के पेड़ काटने को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद शनिवार को खूनी रूप ले बैठा। हिरणपुर थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव में गोतिया (रिश्तेदारों) के बीच हुए झगड़े में बीच-बचाव करने आई महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, गांव में स्थित खेत के पास तीन ताड़ के पेड़ संयुक्त रूप से विजय हांसदा और उनके बड़े भाई के हिस्से में थे। विजय हांसदा अपने हिस्से का पेड़ बेचना चाहते थे, जिसका परिजनों ने विरोध किया। इसी मुद्दे को लेकर पहले पंचायत भी हुई थी, लेकिन विवाद सुलझ नहीं सका। शनिवार को करीब 11:30 बजे विवाद फिर से भड़क गया। आरोप है कि नरेन हांसदा, चरण हांसदा, अजय हांसदा और मनोज हांसदा घर के सामने पहुंचकर झगड़ा करने लगे। इस दौरान मारपीट शुरू हो गई। बीच-बचाव करने आई पार्वती सोरेन के सिर पर आरोपियों ने पत्थर से वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनाजोरी स्थित सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने छापेमारी कर घटना में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में हिरणपुर थाना कांड संख्या 18/26, दिनांक 28 मार्च 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1)/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर