पाकुड़। जिले में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयुष विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर योग प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं आयुष जांच शिविरों का सफल आयोजन किया गया। इस पहल के तहत एक ओर जहां आमजन को योग, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का प्रशिक्षण दिया गया, वहीं दूसरी ओर विभिन्न प्रखंडों में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाकर लोगों का निःशुल्क उपचार भी किया गया। शनिवार को जिले के पाकुड़, पाकुड़िया, हिरणपुर, महेशपुर, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा सहित कुल 39 स्थानों पर योग प्रशिक्षकों ने नागरिकों को योगाभ्यास का प्रशिक्षण दिया। इस दौरान लोगों को दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के लाभ, रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और मानसिक संतुलन बनाए रखने के तरीकों की जानकारी दी गई। इसी क्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयुष जांच शिविर भी आयोजित किए गए, जहां कुल 164 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। अमड़ापाड़ा प्रखंड के तालझारी एवं अमड़ापाड़ा, महेशपुर के सिंगना, पाकुड़िया के बाबूझूटी तथा लिट्टीपाड़ा के केंदवा में आयोजित शिविरों में चिकित्सकों ने रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ एवं गठिया समेत अन्य बीमारियों की जांच की और आवश्यक दवाइयां निःशुल्क वितरित कीं।चिकित्सकों ने बताया कि आयुष पद्धति के माध्यम से लोगों को प्राकृतिक और सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, विभागीय पदाधिकारियों ने नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ जीवन की कुंजी बताते हुए लोगों से इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।








