अमड़ापाड़ा -थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिया पर एक भारी वाहन के प्रवेश कर जाने से राहगीरों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। साप्ताहिक हाट के दिन ब्रिटिश कालीन संकरी पुलिया पर हाइवा (संख्या JH04AB-3938) के फंस जाने से गोपीकांदर-अमड़ापाड़ा मुख्यालय का मुख्य मार्ग करीब डेढ़ घंटे तक पूरी तरह ठप रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल जाम हटवाया, बल्कि नियमों के उल्लंघन पर 16,300 रुपये का ई-चालान भी काटा। विदित हो कि शनिवार को अमड़ापाड़ा में साप्ताहिक हाट लगता है। जहाँ हजारों ग्रामीणों और छोटे व्यापारियों का जमावड़ा होता है। भीड़ को देखते हुए इस दिन मुख्य बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहता है। इसके बावजूद, उक्त हाइवा चालक ने प्रतिबंधों का उल्लंघन किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही हाइवा बाँसलोई नदी के पुराने और संकरे पुल पर पहुंचा। वह तकनीकी खराबी के कारण बीच सड़क पर ही खड़ा हो गया। कुछ समय के लिए वाहन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। जिसके बाद पुल के दोनों ओर वाहनों और राहगीरों की लंबी कतारें लग गईं। भीषण धूप में हाट आए स्थानीय लोग और यात्री बसों में सवार लोग घंटों तक हलकान रहे। जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एसआई चंदन कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुँची। काफी मशक्कत और स्थानीय ग्रामीणों की सहयोग के बाद हाइवा को पुल से हटवाकर किनारे किया गया। तब जाकर यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने वाहन के दस्तावेजों की ऑनलाइन जांच की। ‘नो-एंट्री’ का उल्लंघन व अन्य कमियों को देखते हुए संबंधित विभाग के माध्यम से 16,300 रुपये का ई-चालान निर्गत किया गया। स्थानीय ग्रामीणों में हाइवा चालकों की मनमानी को लेकर गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि हाट के दिन भारी वाहनों का बाजार में घुसना आम बात हो गई है। जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना घट सकती है। लोगों ने प्रशासन और स्थानीय पुलिस से माँग की है कि नो-एंट्री का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए और निर्धारित मार्ग पर ही हाइवा वाहनों की आवागमन करने की मांग की गई।





