पाकुड़। ओपन स्मार्ट कंप्यूटर ट्रेनिंग सेंटर में प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं के उत्साह और प्रतिभा ने कार्यक्रम को खास बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अमरेंद्र सिन्हा, डॉ. मनोहर कुमार, मनोज भगत एवं कृष्णा भगत उपस्थित रहे। सेंटर के निदेशक कुमार आर्यन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि भविष्य में संस्थान द्वारा इंडस्ट्री की मांग के अनुरूप नए-नए कोर्स शुरू किए जाएंगे, जिससे युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें। इस दौरान IHCL एवं HHH फाउंडेशन द्वारा संचालित 45 दिवसीय निःशुल्क स्किल डेवलपमेंट कोर्स की भी विस्तृत जानकारी दी गई। ट्रेनर शांतनु महापात्रा ने बताया कि यह कोर्स छात्रों को व्यावहारिक कौशल प्रदान करता है, जिससे वे अपने करियर को नई दिशा दे सकते हैं। कोर्स के अंतर्गत छात्रों को विभिन्न उपयोगी प्रशिक्षण दिए जाते हैं तथा अभ्यास के लिए एक संपूर्ण किट भी उपलब्ध कराई जाती है। कार्यक्रम में छात्रों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। रितेंद्र, शिवा, अंकिता, अभिजीत, सत्यम, स्नेहा एवं ज्योति ने गीत, भाषण एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में छात्रों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं। अंत में सफल छात्रों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए और धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति ने पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया।







