प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। झारखंड राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को लिट्टीपाड़ा प्रखंड मुख्यालय में रजत जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख मरांग बीटी बेसरा, प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार, सांसद प्रतिनिधि निपेन मंडल, मुखिया शिव टुडू सहित बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, कर्मी और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और राज्य गीत के साथ हुई। उपस्थित अतिथियों ने झारखंड की 25 वर्षों की गौरवशाली विकास यात्रा को नमन करते हुए राज्य के समृद्ध भविष्य का संकल्प लिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने मनरेगा की भूमिका पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) ने ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर सुधारने का काम किया है। तालाब, डोभा, पौधरोपण, जल संरक्षण और कूप निर्माण जैसे कार्यों के माध्यम से न केवल रोजगार मिला है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और कृषि उत्पादन को भी बढ़ावा मिला है।
अधिकारियों ने कहा कि मनरेगा सिर्फ मजदूरी देने की योजना नहीं, बल्कि यह ग्राम स्वावलंबन और सतत विकास की आधारशिला है। प्रत्येक पंचायत को अपने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और विकास के लिए इसे जन आंदोलन के रूप में अपनाना चाहिए। प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मानिक दास ने कहा कि मनरेगा और जेएसएलपीएस जैसी योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बना रही हैं। इन योजनाओं से स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में गांवों में नई ऊर्जा आई है। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लाभुकों, मनरेगा कर्मियों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने समृद्ध, स्वावलंबी और सशक्त झारखंड के निर्माण का संकल्प लिया।













