अमड़ापाड़ा (पाकुड़) अंचल कार्यालय में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने ड्यूटी के दौरान प्रधान लिपिक बिमल बास्की को गिरफ्तार कर लिया। महिला थाना पाकुड़ की प्रभारी मनीता कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अमड़ापाड़ा थाना की मदद से यह कार्रवाई की। पुलिस ने प्रधान लिपिक को सीधे कार्यालय कक्ष से हिरासत में लिया, जिससे कुछ देर के लिए कामकाज भी प्रभावित रहा। अचानक हुई इस कार्रवाई से कार्यालय में मौजूद कर्मी और अधिकारी सकते में आ गए।
2022 का मामला, 2025 में जारी हुआ था वारंट
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार प्रधान लिपिक बिमल बास्की पाकुड़ के धनुषपूजा क्षेत्र के निवासी हैं। उनके खिलाफ वर्ष 2022 में यौन शोषण से जुड़ा एक गंभीर मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में न्यायालय द्वारा 20 नवंबर 2025 को गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की।
पाकुड़ ले जाया गया आरोपी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम बिमल बास्की को अपने साथ पाकुड़ ले गई। बताया जा रहा है कि आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
कार्यालय में दिनभर रही चर्चा
ड्यूटी के दौरान हुई गिरफ्तारी पूरे दिन अंचल कार्यालय और प्रखंड परिसर में चर्चा का विषय बनी रही। कर्मचारी और आम लोग इस अचानक कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की बातें करते नजर आए।









