आयुष विभाग का अभियान—मासिक धर्म स्वच्छता, संक्रमण से बचाव और बेहतर जीवनशैली पर दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
पाकुड़: जिले में जनजातीय समुदाय की महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से आयुष विभाग द्वारा पीवीटीजी कार्यक्रम के तहत विशेष स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता तथा स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी दी गई। आयुष विभाग की इस पहल के तहत पाकुड़ प्रखंड के कोलाजोड़ा, लिट्टीपाड़ा प्रखंड के तेसरो, हिरणपुर प्रखंड के देवापाड़ा, अमड़ापाड़ा प्रखंड के पकलो तथा महेशपुर प्रखंड के अमलागाछी में कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान कुल 181 बच्चियों और महिलाओं के बीच सेनेटरी नैपकिन एवं अंडरगार्मेंट का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पीवीटीजी समुदाय से जुड़ी महिलाओं और किशोरियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक धर्म स्वास्थ्य प्रबंधन और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। स्वास्थ्यकर्मियों ने उपस्थित महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, संक्रमण से बचाव करने तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों को अपनाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्हें नियमित रूप से स्वच्छता अपनाने और किसी भी स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर डॉ. राजेश कुमार, अशोक मेहता, डॉ. लवकुश यादव, डॉ. सौरभ विश्वास एवं डॉ. मिथिलेश सिंह सहित आयुष विभाग के अन्य कर्मी और सहिया उपस्थित रहे।







