प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़): प्रखंड क्षेत्र के पतरापाड़ा गांव में सोमवार को प्रखंड उपाध्यक्ष रंजन साह के आवास पर होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साह, उमंग और रंगों की खुशियों से सराबोर रहा। समारोह में क्षेत्र के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए। पारंपरिक होली गीतों की धुन पर विधायक हेमलाल मुर्मू ने कार्यकर्ताओं के साथ जमकर नृत्य किया और सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करता है तथा समाज को एकता के सूत्र में बांधने का संदेश देता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाइयां दीं और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया। पूरे आयोजन में उत्सव जैसा माहौल बना रहा, वहीं कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने क्षेत्र में सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया।







