अमड़ापाड़ा। प्रखंड क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है। बुधवार को अंचलाधिकारी औसफ अहमद खान और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया। मिली जानकारी के अनुसार औचक निरीक्षण के दौरान मुख्य सड़क पर पहाड़पुर के समीप बालू लदे ट्रैक्टर (संख्या JH17R 9052) को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान चालक वाहन से संबंधित कोई वैध चालान या कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद टीम ने ट्रैक्टर को अवैध बालू परिवहन के आरोप में जब्त कर थाना लाकर खड़ा कर दिया। इस संबंध में संबंधित वाहन मालिक के विरुद्ध थाना कांड संख्या 9/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बिना चालान या अनुमति के बालू ढुलाई करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।






