Search

March 14, 2026 7:07 am

देवापाड़ा गांव में एक महीने से अंधकार, खराब ट्रांसफार्मर बना ग्रामीणों की परेशानी का कारण।

ग्रामीणों में आक्रोश, विभाग पर लापरवाही का आरोप।

राहुल दास

हिरणपुर (पाकुड़)। हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत देवापाड़ा गांव के दर्जनों परिवार बीते एक माह से अंधेरे में जीवन व्यतीत करने को मजबूर हैं। गांव में स्थापित 100 केवी का ट्रांसफार्मर पिछले एक महीने से खराब पड़ा हुआ है, जिससे बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो चुकी है। बावजूद इसके विद्युत विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे ग्रामीणों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है। गांव के अनिल मुर्मू, सोम मुर्मू, कालू यादव, तमिजुद्दीन अंसारी और माइकेल मुर्मू सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफारमर की मरम्मत को लेकर कई बार विभागीय पदाधिकारियों से शिकायत की गई। यहां तक कि एक लिखित आवेदन भी दिया गया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। उनका कहना है कि बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और रात में आवागमन सभी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं और आम जनता की परेशानी को नजरअंदाज कर रहे हैं। एक महीने से रात होते ही पूरा गांव अंधकार में डूब जाता है, जिससे भय और असुरक्षा का माहौल भी बना हुआ है। इस संबंध में जब कनीय अभियंता आशीष पटेल से संपर्क किया गया तो उन्होंने आश्वस्त किया कि “ट्रांसफार्मर की मरम्मत का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा और शीघ्र ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।” फिलहाल ग्रामीण उम्मीद लगाए बैठे हैं कि विभाग जल्द से जल्द कार्रवाई करेगा और उन्हें अंधेरे से मुक्ति मिलेगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर