पाकुड़। झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति संजय प्रसाद ने शनिवार को सोनाजोड़ी स्थित वृद्धाश्रम में विधिक साक्षरता क्लब और औषधालय का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वृद्धजनों की गरिमा और सुरक्षा के लिए कानूनी जागरूकता और स्वास्थ्य सुविधा दोनों जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि विधिक साक्षरता क्लब से बुजुर्गों को उनके संवैधानिक अधिकार, सरकारी योजनाओं और विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी मिलेगी। वहीं औषधालय से उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच और दवा की सुविधा आसानी से उपलब्ध होगी। कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेषनाथ सिंह, उपायुक्त मनीष कुमार और वन प्रमंडल पदाधिकारी सौरभ चंद्रा मौजूद रहे। उपायुक्त ने कहा कि इन सुविधाओं से वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा और वे सम्मानपूर्वक जीवन जी सकेंगे। मौके पर न्यायमूर्ति, जिला जज और उपायुक्त ने वृद्धजनों के बीच फल और कपड़े बांटे। साथ ही वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वृद्धाश्रम में जन लोक कल्याण परिषद के सचिव सरोज कुमार झा और आरती कुमारी भी मौजूद रहे।



