आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान, स्वदेशी को अपनाकर मजबूत बनेगा भारत।
प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़) — भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय की अध्यक्षता में बुधवार देर शाम लिट्टीपाड़ा प्रखंड के कारियोडीह में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत लिट्टीपाड़ा विधानसभा सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा और दुर्गा मरांडी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर अपनी ताकत का परिचय कराया है। आज हमारे पास ऐसा नेता है जो किसी भी महाशक्ति के दबाव में झुकने वाला नहीं है। हमें इस नेतृत्व को और अधिक सशक्त बनाना होगा।
उन्होंने कहा — हमें अपनी ताकत खुद खड़ी करनी है। एक लकीर के बगल में बड़ी लकीर खींचकर ही उसे छोटा किया जा सकता है, और यही है स्वदेशी अभियान की भावना। जिला अध्यक्ष अमृत पांडेय ने कहा कि आज स्वदेशी की परिभाषा केवल भारत में बने उत्पादों तक सीमित नहीं है, बल्कि उसमें भारत के लोगों का परिश्रम, उनका पसीना और उनकी मिट्टी की खुशबू शामिल है। ऐसे उत्पादों को प्राथमिकता देना ही सच्चा स्वदेशी भाव है। वहीं प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने “हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी” का नारा देकर आत्मनिर्भर भारत की नींव रखी है। उन्होंने बताया कि भारत आज ट्रैक्टर निर्माण में विश्व में पहले, बस निर्माण में दूसरे और भारी ट्रकों के निर्माण में तीसरे स्थान पर है। स्वदेशी आंदोलन अर्थव्यवस्था के विकेंद्रीकरण की कुंजी है, और यही भारत की सशक्त पहचान बनेगी। कार्यक्रम का संचालन बिचामहल मंडल अध्यक्ष धनेश्वर साहा ने किया। इस मौके पर प्रदेश मंत्री अनिता मुर्मू, कामेश्वर दास, वरिष्ठ नेता साहेब हांसदा, क़िस्टू सोरेन, सुकुमार मंडल, आशीष हेंब्रम, नकुल साह, बेणेश्वर सोरेन, निमाई ठाकुर, दयाल साहा, गुरु दयाल साहा, ईश्वर साहा, राहुल साहा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












