अध्यक्ष शबरी पाल सहित 21 वार्ड पार्षदों ने ली शपथ।
10–10 मत मिलने के बाद ड्रा ऑफ लॉट्स से हुआ फैसला, राणा ओझा बने नगर परिषद के उपाध्यक्ष।
पाकुड़। नगरपालिका (आम) चुनाव 2026 के तहत गुरुवार को नगर परिषद सभागार में नवनिर्वाचित अध्यक्ष व वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण तथा उपाध्यक्ष पद का अप्रत्यक्ष निर्वाचन कार्यक्रम गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पाकुड़ नगर परिषद (वर्ग-ख) की नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती शबरी पाल सहित 21 वार्ड पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली और नगर क्षेत्र के विकास तथा जनहित के कार्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। शपथ ग्रहण के बाद नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के लिए अप्रत्यक्ष चुनाव कराया गया। इस पद के लिए राणा ओझा और रुपाली सरकार ने नामांकन दाखिल किया था। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त मनीष कुमार की देखरेख में सभी निर्वाचित पार्षदों की उपस्थिति में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई। मतगणना में दोनों उम्मीदवारों को 10–10 मत मिले, जबकि एक मत अमान्य घोषित किया गया। बराबरी की स्थिति बनने पर निर्धारित नियमों के अनुसार ड्रा ऑफ लॉट्स (लॉटरी) की प्रक्रिया अपनाई गई, जिसमें राणा ओझा का नाम निकलने पर उन्हें पाकुड़ नगर परिषद का उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। इसके बाद उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर उपायुक्त मनीष कुमार ने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि नगर परिषद के सभी जनप्रतिनिधि आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पाकुड़ शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) प्रीतिलता मुर्मू, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी, अंचलाधिकारी अरविंद कुमार बेदिया, कार्यपालक दंडाधिकारी गोपाल कृष्ण कुंवर सहित सभी वार्ड पार्षद और संबंधित अधिकारी मौजूद थे। जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।




Related Posts








