पाकुड़िया प्रखंड अंतर्गत पातपहाड़ी गांव में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं पाकुड़ जिला परिषद अध्यक्ष जुली खिष्टमनी हेंब्रम का ग्रामीणों ने गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया।
मौके पर जिप अध्यक्ष जुली खिष्टमनी हेंब्रम ने अपने संबोधन में कहा कि समाज और राष्ट्र की प्रगति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के विकास और सशक्तिकरण के लिए जिला से लेकर पंचायत स्तर तक हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि झारखंड सहित भारतीय परंपरा में महिलाओं को सदैव उच्च स्थान दिया गया है और आज के दौर में शिक्षा, स्वावलंबन तथा समान अवसर महिलाओं के सशक्तिकरण की आधारशिला हैं, जिसके लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक महिला के शिक्षित होने से दो परिवार शिक्षित होते हैं। शिक्षा को मनुष्य का “तीसरा नेत्र” बताते हुए उन्होंने कहा कि रोटी, कपड़ा और मकान के साथ-साथ चिकित्सा और सुरक्षा भी महिलाओं का मौलिक अधिकार है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संजय हंसदा, भवेश मुर्मू, मिकाईल मुर्मू, एमेली सोरेन, तनु हेंब्रम, बहामुनी टुडू, प्रमिला टुडू सहित दर्जनों ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित थीं।




