Search

March 14, 2026 8:25 pm

विधानसभा में उठा लिट्टीपाड़ा और अमड़ापाड़ा छात्रावास का मुद्दा, मंत्री ने जांच व निर्माण का दिया आश्वासन

पाकुड़: लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू द्वारा शनिवार (14 मार्च 2026) को विधानसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से लिट्टीपाड़ा और अमड़ापाड़ा स्थित आदिवासी छात्रावासों की स्थिति का मुद्दा उठाया गया। इस पर जवाब देते हुए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मंत्री ने बताया कि लिट्टीपाड़ा आदिवासी छात्रावास की स्थिति की जांच कराई जाएगी और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए उसके निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि छात्रों को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि लिट्टीपाड़ा आदिवासी छात्रावास पर टहल कंसल्टिंग इंजीनियर्स लिमिटेड द्वारा कब्जा कर लिया गया था। हालांकि अब उक्त परिसर को कब्जा मुक्त करा लिया गया है। मंत्री ने कहा कि इस मामले में विभाग द्वारा पहले संज्ञान नहीं लिया गया था, लेकिन अब इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा विधायक द्वारा अमड़ापाड़ा छात्रावास की जर्जर स्थिति और नए भवन निर्माण से संबंधित प्रश्न भी उठाया गया। इस पर मंत्री ने आश्वासन दिया कि छात्रावास की स्थिति की जांच कराकर आवश्यकतानुसार उसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। विधानसभा में उठे इस मुद्दे के बाद क्षेत्र के छात्रों और अभिभावकों को उम्मीद है कि जल्द ही दोनों छात्रावासों की समस्याओं का समाधान होगा और विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय सुविधा मिल सकेगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर