Search

March 25, 2026 5:55 pm

सप्तमी पर गूंजा “जय माता दी”, पट खुलते ही दर्शन को उमड़ी आस्था की भीड़।

राजकुमार भगत

पाकुड़। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर जिलेभर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल चरम पर है। बुधवार को सप्तमी तिथि पर मां दुर्गा के सातवें स्वरूप की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। सुबह पट खुलते ही मंदिरों और पूजा पंडालों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूजा पंडालों, मंदिरों और घरों में मंत्रोच्चारण के बीच मां की आराधना की गई। छोटी अलीगंज में सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया। इसके बाद विधिवत कलश स्थापना कर सप्तमी पूजा संपन्न हुई। धार्मिक मान्यता के अनुसार सप्तमी के दिन मां कालरात्रि की पूजा से नकारात्मक शक्तियों का नाश होता है और अकाल मृत्यु का भय दूर होता है। साथ ही घर में सुख-समृद्धि का वास होता है। पूजा को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। श्रद्धालु फल, फूल, नारियल और पूजन सामग्री की खरीदारी करते नजर आए। शहर के राज हाई स्कूल रोड और छोटी अलीगंज क्षेत्र में आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है, जिससे पूरा इलाका भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है। छोटी अलीगंज में मेले का भी आयोजन किया गया है, जहां लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखी जा रही है। तलवाडंगा स्थित महाकाल मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। गुरुवार को अष्टमी तिथि पर मां महागौरी की पूजा की जाएगी। इस दिन संधि पूजा का विशेष महत्व है और कई श्रद्धालु कन्या पूजन भी करते हैं। मान्यता है कि सच्चे मन से मां की आराधना करने पर भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर