Search

February 24, 2026 11:37 pm

झारखंड बजट 2026-27, निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर और उद्योग को रफ्तार, व्यापार जगत में भरोसा

झारखंड सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 को व्यापार और उद्योग के लिहाज से सकारात्मक और संभावनाओं से भरपूर माना जा रहा है। पूंजीगत व्यय में बढ़ोतरी, बुनियादी ढांचे के विस्तार और औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन देने वाले प्रावधानों ने बाजार में उत्साह पैदा किया है। सड़क, बिजली और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में करीब ₹37,708 करोड़ के प्रस्तावित निवेश से राज्य में व्यापारिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। इससे उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाएं मिलेंगी, जिसका सीधा असर उत्पादन और रोजगार पर पड़ेगा। राज्य की अनुमानित ₹66,700 करोड़ की राजस्व आय और लगभग 10% की आर्थिक वृद्धि दर को बाजार विस्तार के लिए मजबूत संकेत माना जा रहा है। निजी निवेश को बढ़ावा देने की नीति से उद्योग जगत के लिए नए अवसर खुलेंगे। विशेष रूप से ग्रीन इंडस्ट्री, खनिज आधारित उद्योग और वन-आधारित उत्पादों के क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी। वहीं कृषि, डेयरी, मत्स्य पालन, कोल्ड स्टोरेज और फूड प्रोसेसिंग से जुड़ी योजनाएं MSME सेक्टर को नई दिशा देंगी, जिससे छोटे और मध्यम व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। सौर ऊर्जा आधारित कोल्ड स्टोरेज और बिजली क्षेत्र में निवेश से ऊर्जा उपलब्धता बढ़ेगी और नवीकरणीय ऊर्जा कारोबार को नया विस्तार मिलेगा। ग्रामीण आय बढ़ाने और शहरी-ग्रामीण इलाकों में आधारभूत संरचना के विकास से बाजार का दायरा बढ़ेगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी।
राजकोषीय घाटा लगभग 2.18% रहने का अनुमान राज्य की वित्तीय स्थिरता को दर्शाता है। इससे निवेशकों का भरोसा मजबूत होगा। पर्यटन और सेवा क्षेत्र को बढ़ावा मिलने से होटल, परिवहन और अन्य सेवा व्यवसायों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। पाकुड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव संजीव कुमार खत्री ने कहा कि यह बजट व्यापार और उद्योग के लिए अवसरों से भरा है। उम्मीद है कि झारखंड सरकार योजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू करेगी, ताकि बजट का वास्तविक लाभ राज्य के व्यापार और उद्योग तक पहुंच सके।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर