इकबाल हुसैन
पाकुड़िया | प्रखंड के पालियादहा (सूजन पड़ा) गांव में शनिवार देर रात रोजा-ए-अजीमुश्शान गुम्बद-ए-खजरा कांफ्रेंस के तहत विराट धार्मिक जलसे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झामुमो की केंद्रीय कमेटी सदस्य उपासना मरांडी विशेष रूप से शामिल हुईं। जलसा कमेटी के दिलदार साहब, कसमुद्दीन साहब और सिकंदर अंसारी ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
सभा को संबोधित करते हुए उपासना मरांडी ने कहा कि हर धर्म सच्चाई, शांति और सही रास्ते पर चलने की सीख देता है। समाज में शिक्षा को लेकर अभी भी पर्याप्त जागरूकता नहीं है। अभिभावक अपने बच्चों को दिनी तालीम के साथ आधुनिक शिक्षा भी दें, ताकि वे समाज के लिए उपयोगी बन सकें। उन्होंने युवाओं से झूठ, नशा और गलत रास्तों से दूर रहने की अपील की और कहा कि सही मार्ग पर चलने वालों को ही सफलता मिलती है। उपासना मरांडी ने लोगों से आग्रह किया कि वे अपनी दुआओं में झारखंड की तरक्की, अमन-चैन, आपसी भाईचारे और सद्भाव के लिए भी प्रार्थना करें। इसके बाद कोलकाता, नवादा (बिहार) और भागलपुर से आए मौलानाओं ने भी धार्मिक और सामाजिक एकता पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, झामुमो अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष नजरुल इस्लाम, झामुमो युवा सचिव नेगार अंसारी, मौलाना मोहम्मद गाजी, मौलाना मुकलेसूर रहमान, लालबाबू शेख, कुद्दूस अंसारी, अब्दुल रज्जाक, अबुल हुसैन, मौलाना शाकिर नूरी, हफाजुद्दीन अंसारी सहित हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।





