अक्षय कुमार
गोमिया। पिट्स मॉडर्न स्कूल के प्रांगण में आज रविवार को कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों के लिए ‘आनंद उत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नन्हे बच्चों के द्वारा माँ शारदे की वंदना के साथ हुई। विद्यालय के प्राचार्य बृजमोहन लाल दास ने स्वागत भाषण देते हुए विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।


उन्होंने कहा कि ‘आनंद उत्सव’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारे विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और अनुशासन का प्रतिबिंब है। मुख्य आकर्षण जेईई मेन परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों का संबोधन रहा। सफल छात्रों ने अपनी तैयारी के अनुभव साझा किए और जूनियर छात्रों को सफलता के गुरुमंत्र दिए। शैक्षणिक चर्चाओं के बाद विद्यार्थियों के लिए ‘मूवी टाइम’ का आयोजन किया गया, जिसका बच्चों ने भरपूर आनंद उठाया। मुख्य अतिथि अरिंदम दास गुप्ता उपाध्यक्ष, (गोमिया विद्यालय प्रबंधन समिति) ने कहा “विद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि प्रतिभाओं को तराशना है। जेईई मेन में हमारे छात्रों का प्रदर्शन यह साबित करता है कि सही मार्गदर्शन और दृढ़ इच्छाशक्ति से कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं है। साथ ही, उन्होंने सभी दसवीं के विद्यार्थियों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए विशेष रूप से बधाई दी।







