पाकुड़। नगर परिषद की नवनियुक्त अध्यक्ष सबरी पाल और उपाध्यक्ष राणा ओझा ने गुरुवार को शहर के विभिन्न वार्डों का दौरा कर विकास कार्यों की शुरुआत की और लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कई योजनाओं का शिलान्यास किया और जल्द समाधान का भरोसा दिया।

सड़क निर्माण को मिली रफ्तार।
वार्ड संख्या 3 और 8 में सुदामा कॉलोनी के पास सड़क चौड़ीकरण व निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। इस मौके पर वार्ड 3 की पार्षद किरण कापड़ी और वार्ड 8 के पार्षद अनिकेत गोस्वामी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण को लेकर खुशी जताई और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में अहम कदम बताया।

शमशान घाट पर सुविधाओं की उठी मांग।
वार्ड संख्या 6 के दौरे के दौरान अखाड़ी पोखर स्थित शमशान घाट की समस्याएं सामने आईं। पार्षद प्रतिनिधि ने बताया कि यहां वर्षों से अंतिम संस्कार होता है, लेकिन शेड और चबूतरे के अभाव में लोगों को बारिश, धूप और ठंड में काफी परेशानी होती है। उन्होंने जल्द से जल्द शेड और चबूतरा निर्माण कराने की मांग की। विकास और समाधान का भरोसा अध्यक्ष सबरी पाल ने कहा कि शहर का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और सभी वार्डों की समस्याओं का चरणबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरी सुविधाओं के लिए तेजी से पहल की जाएगी। दौरे के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधियों के सामने रखीं।






